जल संकट से जूझ रहे इलाकों को मिलेगा स्थायी समाधान
बांसवाड़ा। जिले का माही बांध न केवल बांसवाड़ा-डूंगरपुर बल्कि उदयपुर संभाग के उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ के ढाई हजार गांवों के हजारों लोगों की प्यास बुझाएगी। माही बांध का पानी इन गांवों में पेयजल के लिए उपलब्ध कराने को लेकर पीपलखूंट हाई लेवल केनाल परियोजना का कार्य चल रहा है। इसके लिए स्काडा सिस्टम तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।
इन गांवों पाइपलाइन के माध्यम से होगी सप्लाई
पीपलखूंट हाई लेवल केनाल परियोजना के तहत माही बांध से प्रतापगढ़ जिले की पीपलखूंट, धरियावाद और सुहागपुरा तहसील के 24 गांवों के 5127 हेक्टेयर नॉन-कमांड क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पाइपलाइन के माध्यम से टामटिया, नलदा, बोरी, मोरवानिया, जेथलिया, कुमारी और हजारीगुड़ा गांवों में सात डिग्गियों का निर्माण कार्य जारी है। इन डिग्गियों में जल अपवर्तन कर पंप और पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए पानी लिफ्ट कर किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
2453 गांवों में मिलेगी पेयजल सुविधा
जल संसाधन विभाग के अधिशाषी अभियंता जितेन्द्र कुमार मीना ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत प्रतापगढ़, उदयपुर, राजसमंद और चित्तौड़गढ़ जिलों के 2453 गांवों में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए माही बांध के डूब क्षेत्र में पंप स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। पाइपलाइन के माध्यम से पानी को गांव झोलर में निर्माणाधीन इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन तक लिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन से पाइपलाइन द्वारा पानी को गांव नकोर स्थित पीएचईडी के पंप स्टेशन तथा गांव हरमारा की रेल में प्रस्तावित पीएचईडी के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक अपवर्तित किया जाएगा।
स्काडा तकनीक का इस्तेमाल होगा
परियोजना के संचालन के लिए स्काडा सिस्टम तकनीक का उपयोग किया जाएगा, ताकि किसानों को आवश्यकता के अनुसार समयबद्ध तरीके से पानी उपलब्ध कराया जा सके। इसके लिए सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जा रहा है, जिससे विद्युत खर्च में कमी आएगी। परियोजना के अंतर्गत राजस्थान सिंचाई प्रणाली के प्रबंधन में किसानों की सहभागिता अधिनियम के तहत परियोजना का कमांड क्षेत्र घोषित किया जा चुका है।
मुख्य अभियंता ने निरीक्षण किया
जल संसाधन संभाग बांसवाड़ा के मुख्य अभियंता देवीसिंह बेनीवाल ने पीपलखूंट हाई लेवल केनाल परियोजना का निरीक्षण किया। मुख्य अभियंता बेनीवाल ने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए इसे समय पर पूर्ण करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन डिग्गियों का निर्माण आगामी दिनों में पूरा होना है, उनकी समय पर टेस्टिंग की जाए, ताकि रबी फसल के लिए कमांड क्षेत्र को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके। उन्होंने निर्माण सामग्री की नियमित जांच करने तथा कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने और श्रमिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी कहा। निरीक्षण के दौरान जल संसाधन वृत्त के अधीक्षण अभियंता प्रकाशचंद्र रेगर, सहायक अभियंता मयंक पाटीदार, कनिष्ठ अभियंता नकुल जोशी सहित कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

राशिफल 15 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना, 850 तीर्थ यात्रियों को मिलेगा काशी-विश्वनाथ दर्शन का अवसर
उत्कृष्ट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से रोशन हो रहा प्रदेश का भविष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
धमतरी में ‘STREE’ परियोजना का शुभारंभ: 300 ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का नया रास्ता
केरल के मुख्य सचिव डॉ. ए. जयतिलक का छत्तीसगढ़ दौरा