खाकी का रौब और नशे की रफ्तार: हेड कांस्टेबल ने कार से युवक को मारी टक्कर, एसपी ने किया तत्काल सस्पेंड
कोटा | जिले के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक खाकीधारी की घोर लापरवाही के कारण एक बेकसूर युवक की जान जोखिम में पड़ गई। कोटा ग्रामीण पुलिस में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने शराब के नशे में धुत होकर अपनी तेज रफ्तार कार से बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भीषण भिड़ंत में युवक को आईं गंभीर चोटें
देवली मांझी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल मोहर सिंह छुट्टी बिताकर वापस लौट रहे थे, तभी बोरखेड़ा इलाके में उनकी कार ने रितिश नामक युवक की मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरा और उसकी बाइक के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में रितिश का बायां हाथ टूट गया है और पैर व कमर में भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी पुलिसकर्मी नशे में पूरी तरह धुत्त था और हादसे से पहले भी वह एक अन्य बाइक को टक्कर मार चुका था।
लापरवाह हेड कांस्टेबल पर निलंबन की गाज
मामले की जानकारी मिलते ही कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी हेड कांस्टेबल मोहर सिंह को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। बोरखेड़ा थाना पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया है और उसका मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है। इस पूरे मामले की जांच उपनिरीक्षक लतीफ मोहम्मद को सौंपी गई है, जो विभागीय जांच के साथ-साथ आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।
रक्षक ही बना भक्षक, जनता में भारी गुस्सा
कानून के रखवाले द्वारा ही इस तरह सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ाने और किसी की जान खतरे में डालने को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इस घटना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई के जरिए कड़ा संदेश दिया है कि अनुशासनहीनता और इस तरह की जानलेवा लापरवाही करने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

राशिफल 23 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
कृषि, पशुपालन और उद्यम से जुड़ी धरमजयगढ़ की महिलाएं अब स्थानीय बीजों और अनाजों से बना रहीं राखियां
विष्णुभोग चावल बना जीपीएम जिले का गौरव
रेल यात्रियों और मासूम बच्चों की सुरक्षा के प्रति जीआरपी की संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण
नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान को प्रदेशभर में मिल रहा जनसमर्थन
अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विकास निगम की बड़ी कार्रवाई