सपना IAS बनने का, लेकिन गलती ने बदल दी जिंदगी की दिशा
उदयपुर। शहर के एक परीक्षा केंद्र पर सोमवार को यूपीएससी (UPSC) की परीक्षा के दौरान एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया। यहाँ पुलिस ने एक युवक को फर्जी आईडी और जाली एडमिट कार्ड के सहारे परीक्षा केंद्र में घुसने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सूरजपोल थाना पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी युवक की पहचान जयेश जाट के रूप में हुई है। शुरुआत में पुलिस को अंदेशा था कि यह मामला किसी 'डमी कैंडिडेट' (दूसरे की जगह परीक्षा देने वाले) से जुड़ा है, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो असली कहानी कुछ और ही निकलकर सामने आई, जिसने सबको चौंका दिया।
बारकोड स्कैनिंग ने खोला राज, जेब से नशा भी बरामद
सूरजपोल थानाधिकारी रतन सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे की दूसरी पारी की परीक्षा के दौरान यह कार्रवाई हुई। शहर के फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र पर जयेश अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। जैसे ही मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसके प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) का बारकोड स्कैन किया, वह मशीन में रीड नहीं हुआ। शक होने पर पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को एक और चौंकाने वाली बात पता चली कि युवक नशे का आदी है और उसकी जेब से एक ग्राम अफीम भी बरामद की गई है।
पिता के डर से रचा था सारा स्वांग, भूल गया था फॉर्म भरना
थानाधिकारी के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि जयेश ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद सिविल सर्विसेज की तैयारी शुरू की थी। वह लंबे समय से मेहनत कर रहा था, लेकिन लापरवाही के चलते इस बार यूपीएससी के आवेदन की आखिरी तारीख निकल गई और वह फॉर्म भरना भूल गया। जब पिता को इस बात का पता चला तो डांट के डर से उसने झूठ बोल दिया कि उसका फॉर्म भर चुका है और उसका परीक्षा केंद्र भी उदयपुर शहर में ही आया है।
जब पिता खुद पहुंच गए सेंटर, तो फंस गया युवक
जयेश का यह झूठ उस समय भारी पड़ गया जब परीक्षा के दिन उसके पिता ने कहा कि वे खुद उसे सेंटर तक छोड़ने चलेंगे। पिता के साथ आने की जिद के बाद जयेश बुरी तरह घबरा गया। अपने झूठ को सच साबित करने के लिए उसने मोबाइल ऐप की मदद से एक फर्जी एडमिट कार्ड तैयार किया और पिता के साथ सेंटर पहुंच गया। पहली पारी के दौरान तो उसने किसी तरह पिता को चकमा दे दिया, लेकिन दूसरी पारी की परीक्षा के समय उसके पिता गेट के ठीक पीछे ही खड़े हो गए। पिता की नजरों के सामने खुद को सच्चा साबित करने के लिए जयेश मजबूरी में फर्जी एडमिट कार्ड लेकर सेंटर के अंदर बढ़ने लगा और आखिरकार पकड़ा गया।
सूरजपोल थाने में मुकदमा दर्ज, जांच जारी
झूठ छुपाने की इस नादान और गैर-कानूनी कोशिश ने अब युवक का पूरा करियर दांव पर लगा दिया है। सूरजपोल थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी करने और जेब से मादक पदार्थ (अफीम) मिलने के मामले में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि फर्जी एडमिट कार्ड बनाने में क्या किसी अन्य व्यक्ति ने भी उसकी मदद की थी।

राशिफल 24 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना बनी आर्थिक संबल